बाराबंकी: सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने वितरित किया कंबल, कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा पर किया हमला, कहा- कांग्रेस पूरी तरह टूट चुकी है
उन्होंने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर जमकर हमला बोला और उसे कांग्रेस जोड़ो यात्रा करार दिया।
लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए नगर पालिका परिषद नवाबगंज में कम्बल वितरण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद उपेन्द्र सिंह रावत मौजूद रहे। उन्होंने 400 लोगों को गर्म कम्बल वितरित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर जमकर हमला बोला और उसे कांग्रेस जोड़ो यात्रा करार दिया।
सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इस समय देश व प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिसको लेकर उनकी सरकार पूरी तरह से संवेदनशील है। मुख्यमंत्री ने सभी जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। जिनके पास ओढ़ने बिछाने के लिए नहीं है ऐसे लोगों को चिह्नित करके तत्काल उनको कम्बल मुहैया कराएं। सरकार अपने स्तर से प्रयास कर रही है और प्रशासन स्वयंसेवी लोगों से बातचीत करके कम्बल की व्यवस्था कराकर वितरण करा रहा है। उसी के तहत आज नगर पालिका परिषद नवाबगंज में कम्बल वितरण शिविर का आयोजन करके लगभग 400 जरूरतमंद लोगों को कम्बल बांटे गए
कांग्रेस टूट करके पूरी तरह से इधर उधर बिखर चुकी है
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर कहा कि कहीं भारत टूटा हुआ है क्या, यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं बल्कि कांग्रेस जोड़ो यात्रा है। जिससे उनकी कांग्रेस टूटने न पाएं, क्योंकि कांग्रेस टूट करके पूरी तरह से इधर उधर बिखर चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत कहीं टूटा हुआ नहीं है भारत पूरी तरह एकजुट है और अब विकास की राह पर चल चुका है। दुनिया में भारत को अब बड़ी ताकत बनने से कोई रोक नहीं सकता। मोदी जी के नेतृत्व में भारत एक बड़ी ताकत बनेगा और उस रास्ते पर भारत वर्ष निकल चुका है। इस दौरान भाजपा के तमाम नेता व कार्यकर्ता सहित उपजिलाधिकारी नवाबगंज विजय कुमार त्रिवेदी और तहसीलदार मौजूद रहे।