UP Nikay Chunav: बाहुबली पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने पहली बार किया मतदान, पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे वाराणसी
यूपी नगर निकाय में पहले चरण का मतदान जारी है। वाराणसी में बाहुबली बृजेश सिंह ने परिवार के साथ वोटिंग की।
नगर निगम वाराणसी में तमाम वीवीआईपी भी वोट डालने पहुंचे, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा इस बार जमानत पर बाहर आए बाहुबली पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह की हो रही है। बृजेश सिंह अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे। संभवता पहली बार ऐसा है कि पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह सीधे मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि, इससे पूर्व 2012 में सैयदराजा से चुनाव लड़ कर हार चुके हैं। जेल में होने की वजह से बृजेश सिंह उस चुनाव में वोट नहीं डाल पाए थे, जिसके बाद बृजेश सिंह विधान परिषद के रास्ते माननीय बने। विधान परिषद के चुनाव में भी वो मतदान नहीं कर पाए थे। पिछले साल बृजेश सिंह को जमानत मिली है, जिसके बाद इस बार बाहुबली बृजेश सिंह ने मतदान किया।
सीधे चुनाव में मतदान की अब तक जानकारी नहीं
वाराणसी के वरिष्ठ पत्रकार और अपराध जगत पर करीबी से नजर रखने वाले पवन सिंह बताते हैं कि बृजेश सिंह इससे पहले 2009 में सैयद राजा से चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में बृजेश सिंह जेल में थे। 2012 के विधानसभा चुनाव में बृजेश सिंह को मतदान का मौका नहीं मिला था और वह चुनाव सपा के मनोज सिंह डब्लू से हार गए थे, जिसके बाद उन्होंने विधान परिषद के रास्ते माननीय बनने का रास्ता तय किया था। उस चुनाव में भी बृजेश सिंह मतदाता लिस्ट में नहीं थे। ऐसा पहली बार हो रहा है कि बृजेश सिंह किसी मतदान में हिस्सा लेते दिखाई पड़ रहे हैं।
अगर किसी अन्य नाम से किया हो तो जानकारी नहीं
पवन सिंह बताते हैं कि कम उम्र में ही जरायम की दुनिया में दाखिल होने के बाद से ही बृजेश सिंह लगातार फरार रहे थे। फरारी के दौरान अगर किसी अन्य जगह पर फर्जी नाम से उन्होंने वोट डाला हो तो इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन अपनी पुख्ता बृजेश सिंह की पहचान के तौर पर सीधे मतदान में हिस्सा लेने का यह पहला तस्वीर है।