उत्तर-प्रदेश: अगले 24 घंटे में तेजी से बदलेगा मौसम, कई शहरों में बरसेंगे मेघा,तापमान में आयेगी गिरावट
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। लगातार हो रही बारिश के कारण यूपी में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। इसके साथ ही तापमान में भी लगातार गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के सक्रिय होने से अगले सात दिन तक यूपी के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
यूपी में अगले 24 घंटे के अंदर मौसम तेजी से करवट लेगा। भीषण उमस और गर्मी की मार झेल रहे लोगों को बारिश की बूंदों से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने प्रदेश के 30 से अधिक शहरों में आज से झमाझम बारिश की चेतावनी दी है। कानपुर और लखनऊ के आसपास के जिलों में सुबह से काले घने बादल छाए हुए हैं। कुछ इलाकों में धूप बादलों के साथ लुकाछिपी खेल रही है। वहीं ठंडी हवाये चलने से उमस से भी थोड़ी राहत मिली है।
सात दिन होगी प्रदेश ज्यादातर हिस्सों में झमाझम बारिश
शुक्रवार दिनभर छिटपुट बादलों की आवाजाही के साथ धूप से चिपचिपी गर्मी का मौसम राजधानी समेत आसपास के जिलों में भी बना रहा। वहीं, बुंदेलखंड क्षेत्र और उत्तराखंड से सटे कुछ जिलों में अच्छी बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, आगामी सप्ताह भर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में झमाझम बारिश के आसार नजर आ रहे हैं।
10 से अधिक जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून की ट्रफ लाइन मध्य प्रदेश से होकर अब हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ेगी। इसके चलते आने वाले दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार हैं। शनिवार से ही लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, कन्नौज, कानपुर समेत तराई बेल्ट से जुड़े जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बांदा, कौशांबी और फतेहपुर के आसपास के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।
यूपी में सबसे अधिक तापमान लखनऊ में किया गया दर्ज
यह बारिश रविवार के बाद से पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी झमाझम बरसेगी। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश में हमीरपुर में 42 मिलीमीटर और मुजफ्फरनगर में 6.0 मिलीमीटर समेत मेरठ, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, प्रयागराज, बलिया, वाराणसी, कानपुर, गाजीपुर समेत कई जिलों में छिटपुट बारिश दर्ज की गई। इसके चलते अधिकतम तापमान में हल्की फुल्की गिरावट भी आई है।
मुरादाबाद में रहा सबसे कम तापमान
प्रदेश का अधिकतम तापमान बस्ती में 36.5 डिग्री सेल्सियस और बुलंदशहर में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे कम तापमान मुरादाबाद में 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और गरज चमक के लिए चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही रहेगी और हल्की बरसात भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होगा।