UPElection2022: युपी विधानसभा चुनाव से पहले ही प्रियंका गांधी को लगा झटका, कांग्रेस के पूर्व सांसद सपा में शामिल
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस को झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व सांसद राजाराम पाल सोमवार को समाजवादी पार्टी मे शामिल हो गए।
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस को झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व सांसद राजाराम पाल सोमवार को समाजवादी पार्टी मे शामिल हो गए। राजाराम पाल ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से लखनऊ में औपचारिक मुलाकात कर सपा में जाने की घोषणा कर दी। मंगलवार को कानपुर से शुरू हो रही अखिलेश यादव की विजय यात्रा में विधिवत सपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे पाल। रविवार को वाराणसी में किसान रैली में प्रियंका गांधी के मंच पर रहे राजाराम पाल पर उन्होंने कांग्रेस को बॉय-बॉय कर दिया।
पूर्व सांसद राजाराम पाल ने खुद ऐलान किया कि वे अब सपा में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस के नेताओं को पहले से मालूम था कि वे कभी भी सपा में वापसी कर सकते हैं। पाल आगे बोले, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ में दोपहर 2 बजे वार्ता हुई और उन्होंने विजय यात्रा में ही सदस्यता लेने के बाद आगे की राजनीति का आगाज नए सिरे से करने की इच्छा जताई। जिसका पालन किया जाएगा।
राजाराम पाल का अब-तक का राजनीतिक सफर
राजाराम पाल सबसे पहले 1996 में घाटमपुर विधानसभा से बसपा से विधायक बने थे। फिर बसपा से 2004 में बिल्हौर लोकसभा सांसद चुने गए। इसके बाद 2005 में कोबरापोस्ट के स्टिंग आपरेशन दुर्योधन में पाल को संसद में प्रश्न पूछने में रिश्वत के वीडियो के बाद बसपा से निकाल दिया गया। बसपा से निकाले जाने के बाद पाल ने 2007 में कांग्रेस की सदस्यता ले ली। 2009 में कांग्रेस से अकबरपुर सीट से सांसद चुने गए। 2014 लोकसभा, 2017 में महराजपुर विधानसभा फिर 2019 में फिर अकबरपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी बने पर हर बार पराजय का सामना करना पड़ा।