आज आगरा पहुंचेंगे केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, करेंगे रात्रि प्रवास, कल शिल्पग्राम में हुनर हाट का उद्घाटन करेंगे
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी आज शाम को शिल्पग्राम में हुनर हाट का भ्रमण करेंगे।
केंद्रीय मंत्री एवं उप नेता राज्य सभा (उच्च सदन) मुख्तार अब्बास नकवी आज आगरा आ रहे हैं। वे सायं 4.30 शिल्पग्राम, ताजगंज पहुंचेंगे। यहां हुनर हाट का भ्रमण करने के बाद वह दस्तकारों से मिलेंगे। 19 मई को पूर्वाह्न 11 बजे वह हुनर हाट का वह विधिवत उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय कानून राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल एवं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी आगरा आने का कार्यक्रम तय हो गया है। पहले 19 मई को उनके आगरा आने की सम्भावना व्यक्त की जा रही थी लेकिन वह बुधवार को (आज) ही आगरा आ जाएंगे। दोपहर बाद वह कार द्वारा यहां आएंगे। शिल्पग्राम, ताजगंज में सजी हुनर हाट का भ्रमण करने के बाद वहां से सर्किट हाउस पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे वह पुन: हुनर हाट पहुंचकर कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
आगरा में जुट रहे कई राज्यों के दस्तकार
आगरा में शिल्पग्राम में 18 से 29 मई पहली बार हुनर हाट का आयोजन हो रहा है। 25 राज्यों से सैकड़ों दस्तकार अपना हुनर दिखाने आ रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। इसमें 300 से अधिक स्टॉलें सजाई जाएंगीं। जिसमें 250 से अधिक स्टॉलें शिल्पियों के लिए आवंटित हैं। बाकी स्टालें खान-पान की रहेंगी। लोगों का प्रवेश नि:शुल्क होगा। रोजाना बॉलीवुड के सितारों की महफिल भी सजेगी।