अमरोहा में चल रही थी AIMIM की बैठक, पूर्व जिलाध्यक्ष की फायरिंग से हड़कंप, जानिए क्या बोले ओवैसी
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एआईएमआईएम कार्यालय पर गोलियां चलने से हड़कंप मच गया। यहां गाजियाबाद के विधानसभा अध्यक्ष मनमोहन झा गामा और पूर्व अध्यक्ष परवेज पाशा के बीच विवाद हुआ। विवाद में परवेज पाशा ने अपनी बंदूक से मनमोहन झा गामा पर गोली चला दी। हालांकि वह किसी तरह बच गए।
निकाय चुनाव को लेकर चल रही ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की बैठक में नेताओं की बीच विवाद हो गया। विवाद में कई राउंड फायरिंग की गई। इसमें एआईएमआईएम साहिबाबाद के विधानसभा अध्यक्ष निसार अली घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक गोली उनके हाथ में लगी है। विवाद गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष मनमोहन झा गामा और पूर्व जिलाध्यक्ष परवेज पाशा के बीच शुरू हुआ था। वायरल वीडियो के मुताबिक गुस्से में परवेज पाशा ने तीन राउंड गोली फायर की। मौके पर मौजूद नेताओं ने उन्हें काफी रोकने का भी प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक डिलौली कोतवाली क्षेत्र के गांव हटव्वा में एआईएमआईएम प्रदेश महासचिव शमीम तुर्क के घर पर एक मीटिंग रखी गई थी। यहां कार्यालय में एआईएमआईएम के तमाम नेता पहुंचे थे। मनमोहन झा गामा ने बताया कि वह कार्यालम में एक जगह बैठे हुए थे। इसी बीच परवेज पाशा अपने साथियों के साथ पहुंचे और उनसे मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि परवेज पाशा ने एक के बाद एक तीन राउंड फायरिंग की, लेकिन वह किसी तरह बच गए। हालांकि मौके पर मौजूद निसार अली के हाथ में गोली लग गई।
कार्यालय पर मच गया हड़कंप
परवेज पाशा ने जैसे ही अपनी बंदूक निकाली कार्यालय पर मौजूद नेता दौड़कर उन्हें रोकने लगे। हालांकि इसके बाद भी उन्होंने किसी की नहीं सुनी और फायरिंग शुरू कर दिया। फायरिंग होते ही कार्यालय पर भगदड़ मच गई। इस दौरान एक गोली निसार अली को लग गई। तीन गोली चलाने के बाद किसी तरह उन्हें पार्टी नेताओं ने काबू कर लिया।
ओवैसी तक पहुंचा मामला, दर्ज होगा केस
मनमोहन झा गामा ने बताया कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को घटना की जानकारी दी है। उन्होंने परवेज पाशा के खिलाफ तत्काल केस दर्ज कराने के लिए कहा है। साथ ही आश्वसन दिया कि आरोपी को पार्टी से बाहर निकाला जाएगा। सीओ सिटी विजय कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जल्द केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जाएगी।