राम मंदिर निर्माण का 40 फीसदी काम पूरा, ट्रस्ट ने जारी की भव्य तस्वीरें
राम मंदिर निर्माण का अब तक 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मंदिर के प्लिंथ का भी काम पूरा हो गया है। वहीं, गर्भगृह में अब तक 400 पत्थर बिछाए जा चुके हैं।
श्रीराम जन्मभूमि में राम मंदिर निर्माण का काम जोरों पर है। मंगलवार को श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने निर्माण कार्यों का चित्र जारी कर देश दुनिया के भक्तों को मंदिर निर्माण की प्रगति व भव्यता से अवगत कराया।
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मंदिर निर्माण का चित्र जारी किया। राम मंदिर निर्माण का अब तक 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मंदिर के प्लिंथ का भी काम पूरा हो गया है। वहीं, गर्भगृह में अब तक 400 पत्थर बिछाए जा चुके हैं।
बहुत जल्दी राम मंदिर के स्तंभों को भी जोड़ने का काम प्रारंभ कर दिया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दिसंबर 2023 तक गर्भगृह का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य बनाया है जबकि जनवरी 2024 से भव्य गर्भगृह में भक्तों को रामलला का दर्शन प्राप्त होने लगेगा।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट समय-समय पर तस्वीरें जारी कर रामभक्तों को मंदिर निर्माण की प्रगति से अवगत करवाता रहता है। रामभक्त बड़ी बेसब्री से निर्माण कार्य पूरा करने का इंतजाम कर रहे हैं।
मंदिर निर्माण के लिए रामभक्तों ने बड़ी संख्या में चंदा दिया है और अब भी रामलला के लिए बहुमूल्य उपहार लेकर आते हैं।
राम मंदिर के साथ ही अयोध्या नगर को भी विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। सरकार का उद्देश्य नगर को भारत की सांस्कृतिक नगरी की तरह विकसित करने का है।
बीते दिनों जारी की गई मंदिर निर्माण की तस्वीर। निर्माण कार्य में मजबूती का विशेष ध्यान रखा जा रहा है जिससे कि मंदिर सदियों तक सुरक्षित रहे।
निर्माण कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। नगर में श्रद्घालुओं की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए उनके रुकने के लिए भी समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं।