बाराबंकी: वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, PFI बैन पर बोले- देश विरोधी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार के पास इनपुट थे। देश विरोधी गतिविधियां पाई गई। उस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंध लगाया गया है।
बाराबंकी में सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी शामिल हुए। पल्हरी चौराहा के पास जेब्रा पार्क में उन्होंने कार्यकर्ताओं संग वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र चौधरी ने पीएफआई पर की गई कार्रवाई को सही बताया। साथ ही अखिलेश यादव के तीसरी बार सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर कहा कि इससे बड़ा परिवार वाद नहीं हो सकता।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार के पास इनपुट थे। देश विरोधी गतिविधियां पाई गई। उस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंध लगाया गया है। मामले की जांच चल रही है, जिन-जिन लोगों की गतिविधि संदिग्ध पाई जाएंगी। उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सरकार मोदी जी के नेतृत्व में किसी भी देश विरोधी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी।
सपा से बड़ा नहीं है परिवार वाद
अखिलेश यादव के लगातार तीसरी बार सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भूपेंद्र चौधरी ने परिवार वाद का तंज कसा। उन्होंने कहा कि 1992 में उनकी राजनीतिक दल के रूप में स्थापना हुई थी। आज 30 साल हो गए हैं। समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह और अखिलेश जी तक ही पहुंची है। इससे बड़ा ज्वलंत परिवारवाद का दूसरा कोई नहीं हो सकता।
सपा नहीं दे पाई नया अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष
पिछले 7-8 सालों से राजनीतिक दृष्टि से परिणाम सपा के अनुकूल नहीं रहे हैं, लेकिन वह नया अध्यक्ष या प्रदेश अध्यक्ष नहीं दे पाए हैं। समाजवादी पार्टी या अन्य कोई पार्टी परिवार वाद के आधार पर आगे बढ़ेगी या परिवार वाद के छाया में बढ़ेगी इसके अलावा उनकी कोई सोच नहीं है।