बस्ती में नदी किनारे मिला युवती का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने दुष्कर्म बाद हत्या की आशंका जताई है।
बस्ती में मंगलवार को एक 26 वर्षीय युवती का निर्वस्त्र शव नदी किनारे मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने दुष्कर्म बाद हत्या की आशंका जताई है।
मामला कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हडही गांव का है। यहां के कुछ लोग मनोरमा नदी में मछली पकड़ने गए थे। इस दौरान उनकी नजर एक युवती के शव पर पड़ी। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मामले की जानकारी गांव में होते ही मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नदी किनारे से शव को निकलवाकर उसे कब्जे में लिया।
युवती की नहीं हुई शिनाख्त
शव कई दिन पुराना होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। एसओ सत्येंद्र कुंवर ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौत का स्पष्ट कारण रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
एसपी आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि शव करीब आठ दस दिन पुराना लग रहा है। शव को नदी के कछार से निकलवाकर मोर्चरी भिजवाया गया है। शीघ्र ही पहचान कराकर घटना का खुलासा किया जाएगा।