फर्रुखाबाद जेल में कैदियों ने किया पथराव, डिप्टी जेलर को जमकर पीटा; साथी की मौत के चलते मचाया उपद्रव
फर्रुखाबाद जिला जेल में साथी की मौत पर कैदियों ने रविवार सुबह जमकर उपद्रव किया है। कैदियों ने तोड़फोड़ कर पूरी जेल पर कब्जा कर लिया। इस दौरान आगजनी की गई। पुलिसकर्मी कैदियों को काबू करने के लिए दौड़े तो उन पर पथराव कर दिया।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में फतेहगढ़ स्थित जिला जेल में बंदियों ने सुबह पथराव कर आग लगा दी। आग की लपटें देख कैदियों में हड़कंप मच गया। आग लगने की वजह से जेल में अलार्म बजा दिया गया। पुलिसकर्मी कैदियों को काबू करने के लिए दौड़े तो उन्होंने पथराव कर दिया।
मेन गेट पर भी कैदियों ने कब्जा कर लिया। कैदियों ने डिप्टी जेलर शैलेश सोनकर से मारपीट की है। इस दौरान जेलर अखिलेश कुमार का सरकारी मोबाइल मौके पर छूट गया। सूचना है कि कैदी जेलर के मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं जेल अधीक्षक के ऊपर कैदियों पर फायरिंग करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि उनके द्वारा फायरिंग में गोली लगने से तीन कैदी घायल हुए हैं।
जेल में हुई हिंसा के दौरान 30 सिपाही घायल हुए हैं। कैदी लगातार पथराव कर रहे हैं। जिसमें यह सिपाही चोटिल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा ने बताया कि जेल की स्थिति पर काबू कर लिया गया है।
फतेहगढ़ सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि फर्रुखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र निवासी संदीप हत्या के मामले में जिला जेल में बंद था। उसे कुछ दिन पहले डेंगू हुआ था। हालत बिगड़ने पर उसे सैफई रेफर किया गया था, जहां शनिवार शाम उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। सुबह 8 बजे नाश्ते के समय जेल के कैदियों को इसकी जानकारी हुई। जिसके बाद कैदियों ने संगठित रूप से उपद्रव शुरू कर दिया।