जालौन: कर्ज से परेशान पूर्व प्रधान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला शव
जालौन के विजवाहा गांव में कर्ज से तंग आकर पूर्व प्रधान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पूर्व प्रधान का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने घटना के बारे में पुलिस को बताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरु की।
यूपी के जालौन में कर्ज से परेशान पूर्व प्रधान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने सुबह जब शव को पेड़ से लटका पाया तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दरअसल, मामला कुठौंद थाना क्षेत्र के विजवाहा गांव का है। यहां पर कर्ज से तंग आकर 42 वर्षीय पूर्व प्रधान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव के बाहर प्रधान का शव पेड़ से लटका पाया तो वहां हड़कंप मच गया। थोड़े ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने घटना के बारे में पुलिस को बताया मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी है।
विजवाहा गांव का रहने वाला 42 वर्षीय शीतल खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था, उसने गांव के कुछ लोगों से कर्ज ले रखा था। कर्ज को समय से न लौटा पाने की वजह से अक्सर वो तनाव में रहता था और इससे तंग आकर उसने फांसी लगा ली। शीतल अपने पीछे 3 बच्चों का परिवार छोड़ गया। वह अपने भाईयों में सबसे छोटे भाई था। वहीं, उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और बच्चों के सिर से पिता का साया भी छिन गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने बताया कि पूर्व प्रधान की आत्महत्या की खबर सामने आई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या की वजह क्या रही ये जांच के बाद सामने आएगा।