यूपी के 42 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 72 घंटे तक बिपरजॉय साइक्लोन का असर
यूपी में बिपरजॉय के असर से भीषण बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को भी 42 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि अभी 72 घंटे तक साइक्लोन का असर जारी रहेगा। वहीं तेज हवाएं भी चलेंगी। साइक्लोन के असर से मैनपुरी में 105 और कानपुर में 52 मिमी. बारिश दर्ज की गई। लखनऊ के कुछ हिस्सों में गुरुवार सुबह से रूक-रूककर बारिश हो रही है। झांसी में बारिश हो रही है।
मानसून जल्दी आने के आसार
CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञान विभाग के डॉ. SN सुनील पांडेय ने बताया, ''बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर की वजह से यूपी में करीब 3 दिन पहले मानसून एंट्री कर सकता है। हालांकि, अभी 72 घंटे तक बिपरजॉय के असर से तेज हवाएं और बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि पहले मानसून 29 जून तक आने की उम्मीद थी, लेकिन अब 26 जून तक यूपी में एंट्री कर सकता है।
कानपुर-लखनऊ में सुबह तक बारिश
बिपरजॉय साइक्लोन MP और UP के ऊपर से गुजर चुका है। मगर, इसके गुजरने के बाद भी अभी 3 दिन तक ये यूपी में बारिश का कारण बनेगा। बिपरजॉय के असर से कानपुर, लखनऊ, मैनपुरी में गुरुवार सुबह तक बारिश होती रही। वहीं प्रदेश में पूर्वी यूपी के वाराणसी और प्रयागराज में बारिश नहीं हो रही है। इसलिए यहां का अधिकतम तापमान 40°C के करीब बना हुआ है।
हाईवे हुए जाम, ढह गया मकान
बिपरजॉय के असर से कानपुर में इसका खासा असर देखने को मिला। कानपुर में बीते 24 घंटे से लगातार बारिश का दौर जारी है। इसकी वजह से कानपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे 91 में भौंती के पास जलभराव हो गया। करीब 1 किमी. तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इसके अलावा कई स्थानों पर पेड़ गिरे और 2 जानवरों की खंभे में करंट उतरने से मौत हो गई। वहीं बिल्हौर में मकान गिरने से बच्चा दब गया।
मैनपुरी में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश
साइक्लोन के असर से मैनपुरी में जोरदार बारिश हुई। यहां 24 घंटे में 105 मिमी. तक बादल बरसे। वहीं बुधवार को यूपी के 31 जिलों में झमाझम बारिश हुई। कन्नौज में 38, हरदोई में 32, इटावा में 11, अलीगढ़ में 10 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई।
12°C तक गिरा तापमान
यूपी में बारिश के चलते शहरों के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। कानपुर में बारिश के बाद सबसे अधिक 12°C तक गिरावट दर्ज की गई। यहां का अधिकतम तापमान 27°C तक पहुंच गया।
इन जिलों में होगी ज्यादा बारिश
कानपुर नगर, कानपुर देहात, झांसी, औरैया, महोबा, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, जालौन, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, संतकबीरनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर में तेज बारिश हो सकती है।
इन जिलों में हल्की बारिश के आसार
बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, इटावा, उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, मऊ, बलिया, अंबेडकरनगर में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।