लखनऊ: मशहूर शायर मुनव्वर राना की तबीयत बिगड़ी, एसजीपीजीआई में चल रही ऑपरेशन की तैयारी...
मशहूर शायर मुनव्वर राना की स्थिति गंभीर हो गई है। उन्हें लखनऊ के एसजीपीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मशहूर शायर मुनव्वर राना की स्थिति गंभीर हो गई है। उन्हें लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रैजुएट इंस्टीट्यूट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसजीपीजीआई में एडमिट कर शायर के ऑपरेशन की तैयारी चल रही है। डॉक्टरों की ओर से उनके स्वास्थ्य के बारे में दी गई जानकारी उनके प्रशंसकों को चिंतित करने वाली है। डॉक्टरों ने मशहूर शायर की स्थिति चिंताजनक बताई है। मिल रही जानकारी के अनुसार, मुनव्वर राना किडनी की बीमारी के कारण डायलिसिस पर चल रहे हैं। उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया।
देश के जाने-माने शायर मुनव्वर राना पिछले दिनों लगातार किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। दिल्ली में उनका इलाज चल रहा है। स्थिति ठीक होने के बाद से वे लखनऊ में अपने घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। इसी बीच मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में एसजीपीआई में भर्ती कराया गया। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर जांच की। उनकी स्थिति चिंताजनक बताई है। मुनव्वर राना के स्वास्थ्य को देखते हुए तत्काल उनके ऑपरेशन की तैयारी की गई है। माना जा रहा है कि बुधवार को उनका ऑपरेशन हो सकता है।
पीजीआई की पीआरओ कुसुम यादव ने बताया है कि शायर मुनव्वर राना को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। इससे पहले भी उन्हें दिल का दौरा पड़ने के दौरान पीजीआई लाया गया था। शायर को नेफ्रो की समस्या है। इस कारण उन्हें मल्टीपल ऑर्गन प्रॉब्लम हैं। बुधवार को उनकी किडनी की पथरी का ऑपरेशन किया जाएगा। वे लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। ऑपरेशन के बाद मरीज को जैसे ही पथरी की समस्या से निजात मिलती है तो उनके अन्य बीमारियों का इलाज शुरू किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन की ओर से शायर के ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।