लखनऊ: नशे में धूत मर्चेन्ट नेवी कर्मी की मौत, घर के बाहर साइन बोर्ड पर लड़खड़ाकर गिरा, एंगल में गर्दन फंसने से तोड़ा दम
घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वे घटना का वीडियो बनाने लगे। थोड़ी देर बाद किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
लखनऊ के गाजीपुर के ब्रह्मकुमारी कॉलोनी में घर के बाहर लगे साइन बोर्ड के एंगल पर एक मर्चेंट नेवी कर्मी लड़खड़ाकर गिर गया। वह नशे में था। उसकी गर्दन एंगल में फंस गई। उसने गर्दन निकालने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहा। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो पड़ोस के घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।
देर रात पार्टी से लौटा था युवक
इंस्पेक्टर गाजीपुर मनोज मिश्र के मुताबिक ब्रह्मपुरी कालोनी निवासी आलोक त्रिपाठी (34) मर्चेंट नेवी में काम करता था। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे रात पार्टी कर बाइक से लौटा था। बाइक से उतरकर वह टहलने लगा। इसी बीच लड़खड़ाकर वह घर के बाहर लगे साइन बोर्ड के एंगल पर गिर पड़ा।
आलोक की गर्दन एंगल में फंस गई। नशे के चलते वह खुद को संभाल नहीं पाया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजन बाहर निकले तो एंगल से लटका देख उनके होश उड़ गए। मृतक के परिवार में पत्नी और एक डेढ़ वर्ष का बच्चा है। पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसने लोगों से बात कर मामले की जानकारी ली। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है। जिसमें आलोक त्रिपाठी बाइक से आते हुए दिखाई देता है।
वह हेलमेट गाड़ी पर लटका कर टहल रहा है। थोड़े देर बाद घर के बाहर लगे साइन बोर्ड के ऊपर गिर जाता है। उसके बाद मौके पर देखने वालों को भीड़ जमा हो जाती है। इसमें से कई लोग उसका वीडियो भी बनाते हुए दिखाई दे रहे। वहीं उनके लान में घूम रही रिश्तेदार को इस घटना की भनक तक नहीं लगती।
भाभी बोली- पता होता कि बाहर आलोक जाली में फंसा है तो बचा लेती
जिस वक्त आलोक घर के बाहर साइन बोर्ड के एंगल में फंसकर तड़प रहा था। उस वक्त उसकी भाभी पूजा घर का ताला चेक कर रही थी। उनका कहना है किअगर पता होता कि आलोक जाली में फंसा है तो उसको बचा लेती। इस घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आलोक की पत्नी मृदुला बार-बार पति का नाम लेकर रोते हुए बेहोश हो जा रही हैं।