लखनऊ: अब यातायात नियमों का भी पाठ पढ़ाएगी सेना पुलिस, सैन्य इलाकों में चलेगा विशेष अभियान
सैन्य क्षेत्रों में कानून व्यवस्था और अनुशासन को बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाली सेंट्रल कमांड प्रोवोस्ट यूनिट आम नागरिकों को यातायात नियमों का भी पाठ पढ़ाएगी। मिलिट्री पुलिस अब लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए जागरूक करेगी।
सैन्य क्षेत्रों में कानून व्यवस्था और अनुशासन को बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाली सेंट्रल कमांड प्रोवोस्ट यूनिट आम नागरिकों को यातायात नियमों का भी पाठ पढ़ाएगी। मिलिट्री पुलिस अब लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए जागरूक करेगी। इसको लेकर छावनी के सैन्य इलाकों में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मिलिट्री पुलिस की मुख्य जिम्मेदारी सैन्य प्रतिष्ठानों और जवानों के लिए लागू नियमाें का पालन कराना होता है। वहीं सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सेंट्रल कमांड प्रोवोस्ट यूनिट ने मिलिट्री पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। यह अभियान छावनी के सैन्य इलाकों में आयोजित किया जाएगा। जिसमें विशेषकर दसवीं और इंटर के स्कूली बच्चों को भी शामिल किया जाएगा।
मिलिट्री पुलिस बीच रास्ते लोगों को यह शपथ दिलाएगी कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल हो जाता है तो उसकी सहायता जरूर करें। सिविल क्षेत्र में रहने पर पुलिस और छावनी के सैन्य क्षेत्रों में मिलिट्री पुलिस को इसकी जानकारी दें। वहीं दोपहिया वाहन चलाते समय डबल हेलमेट लगाने के नियम को सख्ती से पालन करने के लिए भी मिलिट्री पुलिस लोगों को जागरूक करेगी।
सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष टीम बनायी
मिलिट्री पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, छावनी के लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष टीम बनायी गई है। यह टीमें आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के आसपास तैनात की गई हैं।
स्कूलों की छुट्टी के समय वहां से निकलने वाले बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को शपथ दिलायी जा रही है। जिससे सड़क दुर्घटना पर लगाम लगायी जा सके। साथ ही उनके भीतर दुर्घटना के समय किसी पीड़ित की मदद करने का जज्बा भी पैदा हो सके। प्रतिदिन इस अभियान की रिपोर्ट वरिष्ठ अफसरों को भेजी जा रही है।