डिंपल ने किया मैनपुरी से नामांकन, पहले मुलायम को श्रद्धांजलि, अखिलेश ने किया ऐतिहासिक जीत का दावा
डिंपल यादव ने एक प्रकार से मुलायम सिंह यादव की समाधि पर जाकर उनका आशीर्वाद लेने का भाव प्रकट किया है।
मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यदव ने नामांकन दाखिल कर दिया। अखिलेश यादव भी शनिवार की देर शाम सैफई पहुंचे थे। रविवार को नामांकन प्रक्रिया को लेकर रणनीति तैयार होती रही। सोमवार की सुबह डिंपल यादव ने सैफई में मुलायम सिंह यादव की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने वहां फूल चढ़ाए। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी उनके साथ मौजूद रहे। डिंपल यादव ने एक प्रकार से मुलायम सिंह यादव की समाधि पर जाकर उनका आशीर्वाद लेने का भाव प्रकट किया है। मुलायम के निधन के बाद मैनपुरी की सीट खाली हुई है। यहां विरासत बचाने की लड़ाई हो रही है। ऐसे में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्नी डिंपल यादव को चुनावी मैदान में उतार कर बड़ा दांव खेल दिया है। सोमवार को डिंपल मैनपुरी सीट पर नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही चुनावी माहौल गरमा गया। अभी तक मैनपुरी से भाजपा की ओर से उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है।
पूरा परिवार साथ, ऐतिहासिक जीत होगी: अखिलेश
डिंपल यादव के नामांकन दाखिल करने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा परिवार एक साथ है। हम सब मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। अब नेता जी हमारे बीच नहीं हैं। हम नेता जी के सिद्धांतों को आगे बढ़ाएंगे। शिवपाल यादव को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पूरा परिवार साथ है। चुनाव प्रचार में हम सब मिलकर डिंपल यादव की जीत सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने दावा किया कि मैनपुरी का पूरा वोट डिंपल यादव को मिलेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि इस चुनाव में नेताजी हमारे बीच नहीं हैं। उनके निधन के बाद चुनाव होना ही था। अखिलेश ने कहा कि हम उनके सिद्धांतों को आगे बढ़ाएंगे। अखिलेश ने दावा किया कि मैनपुरी से डिंपल की ऐतिहासिक जीत होगी। उन्होंने कहा कि मैनपुरी को नेताजी ने पहचान दी है। मैनपुरी की जनता हमारे साथ है। यहां की जनता का सहयोग हमें मिलेगा।
डिंपल यादव ने किया नामांकन
समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव ने मैनपुरी कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंच कर नामांकन दाखिल किया। उनके साथ प्रो. रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। डीएम ऑफिस में डिंपल ने अपना नामांकन फॉर्म का सेट जमा किया। इसके बाद अखिलेश यादव ने दावा किया कि मैनपुरी में पूरा परिवार मिलकर चुनाव लड़ रहा है। हमारी ऐतिहासिक जीत होगी।