रामपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जनप्रतिनिधियों के साथ शुरू की बैठक
दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री फिजिकल कॉलेज के मैदान पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामपुर पहुंच गए हैं। बिजनौर से हेलीकॉप्टर के जरिए मुख्यमंत्री रामपुर आए हैं। यहां पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर लैंड हुआ। मुख्यमंत्री उतरते ही पुलिस लाइन में बन रहे आवासों का निरीक्षण करने के लिए चले गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस लाइन में निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण करने के बाद जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ मीटिंग शुरू कर दी है। पुलिस लाइन सभागार में चल रही मीटिंग में प्रदेश के पशुधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी और मिलक की विधायक राजबाला भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बिजनौर के बाद रामपुर के दौरे पर पहुंच चुके हैं। रामपुर दौरे के बाद मुख्यमंत्री एक बार फिर मुरादाबाद जाएंगे। मुरादाबाद हवाई अड्डे पर तीन बजे से चार बजे तक उनका मंडल के उद्यमियों से संवाद का कार्यक्रम है। इसमें मंडल भर के उद्यमियों से मुख्यमंत्री वार्ता कर उनकी समस्याओं को जानेंगे।