आगरा में बोले डिप्टी सीएम केशव मौर्य- "अखिलेश नहीं भुला पा रहे हार की बौखलाहट, करते हैं घटिया राजनीति"
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार से लेकर शुक्रवार तक दो दिन आगरा में रहेंगे। विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों के साथ बैठकें होंगी।
डिप्टी सीएम और आगरा मंडल के प्रभारी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य आगरा पहुंच गए हैं। उन्होंने आगरा मेट्रो रेल परियोजना का निरीक्षण किया। इसके बाद प्राथमिक पाठशाला धमोटा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहाकि अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव में हार की बौखलाहट को भुला नहीं पा रहे हैं। उन्होंने अखिलेश की राजनीति को घटिया राजनीति बताया।
मेट्रो रेल का किया निरीक्षण
डिप्टी सीएम केशव मौर्य गुरुवार दोपहर दो दिन के आगरा दौरे पर पहुंचे। खेरिया हवाई अड्डे से वो सीधे मेट्रो रेल का निर्माण कार्य देखने पहुंचे। मेट्रो रेल के अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी। डिप्टी सीएम ने कहा कि आगरा के लिए मेट्रो ट्रेन बहुत जरूरी है। इससे आगरा के लोग और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुविधा होगी। मेट्रो का संचालन तय समय पर शुरू होगा।
वहीं, उन्होंने ललितपुर कांड में अखिलेश यादव पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अधिकार है कि वो किसी भी मामले को तूल दे सकते हैं। मगर विधानसभा चुनाव में उनकी हार की बौखलाहट है कि वो ऐसे काम करते हैं जो किसी पूर्व मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता है। अखिलेश यादव और सपा की आदत घटिया राजनीति करने की र्है। ललितपुर कांड में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। पूरे थाने को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
स्कूल का किया निरीक्षण
मेट्रो ट्रेन का निरीक्षण करने के बाद डिप्टी सीएम धनोटा पहुंचे। यहां पर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चे से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। कुछ सवाल भी पूछे। पांच मिनट तक उन्होंने बच्चों से संवाद किया। इसके बाद वो आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां से वो सर्किट हाउस जाएंगे। जहां पर पार्टी के पदाधिकारी और विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल का निरीक्षण करना है। शाम को वो आगरा में ही प्रवास करेंगे।