संतकबीर नगर में रेल की पटरी पर मिला पति-पत्नी का शव मिला, चार माह पूर्व हुई थी शादी
उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले में पति पत्नी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। आपस में विवाद होने के बाद दोनो पति घर से बाहर चला गया था। उसे खोजने पत्नी भी रात में निकल गई थी। सुबह दोनो का शव बरामद हुआ।
खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के भुवरिया के पास रेलवे ट्रैक पर दंपती का शव सोमवार की देर रात मिला है। इस घटना को लेकर पारिवारिक विवाद बता रहे है। मंगलवार की सुबह जब दंपती के ट्रेन से कटकर मृत्यु की सूचना मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसे लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। पिछले करीब एक माह में खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में यह चौथी घटना है जिसमें एक साथ दो लोगों की मृत्यु हुई है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह है मामला
बताया जा रहा है कि भुवरिया गांव के 23 वर्षीय राकेश और 20 वर्ष की लक्ष्मी पति-पत्नी थे। सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। राकेश घर से निकले तो उनके पीछे लक्ष्मी भी निकल गईं। रात 12 बजे तक जब दोनों वापस नहीं लौटे तो घर के लोग सो गए। इसी बीच करीब साढ़े 11 बजे रात में रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) के चौकी प्रभारी सुनील कुमार को सूचना मिली कि खलीलाबाद के सरैया में एक युवक और युवती का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है।
आपसी विवाद में दी जान
इस सूचना के पास वह अपने सहयोगी मजहरुल हक अंसारी और दिग्विजय यादव के साथ मौके पर पहुंचे। शव देखने के बाद उन्होंने 112 नंबर पर फोन मिलाया लेकिन रिसीव नहीं हुआ। बाद में नवीन सब्जी मंडी पुलिस चौकी पहुंचकर जानकारी दी गई तो पुलिस हरकत में आई। शव की जांच की गई तो पता चला कि दोनों भुवरिया गांव के रहने वाले थे। घटना की जानकारी रात में ही स्वजन को दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी विजय नारायण प्रसाद ने बताया कि दोनों में विवाद हुआ था। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है।
चार माह पूर्व हुई थी शादी
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों की शादी चार माह पूर्व हुई थी। उसकी शादी गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र के उनवल में हुई थी। लक्ष्मी तीन माह के पेट से थी। राकेश पूर्व में दिल्ली में मजदूरी कर रहा था, लेकिन शादी के बाद से वह घर पर ही था। राकेश की मां प्रभावती ने बताया कि दोनों में बहुत प्रेम था, लेकिन सोमवार की रात में दोनों में मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद दोनाें रात में घर से निकले थे। बाद में उनके मृत्यु की सूचना मिली।