मुलायम सिंह यादव की जयंती आज, धरतीपुत्र दिवस के रूप में मना रही SP... सैफई में ग्रैंड महोत्सव की तैयारी
समावजादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती मंगलवार को मनाई जा रही है। निधन के बाद पहला जन्मदिन बड़े स्तर पर मनाए जाने की तैयारी की गई है। सैफई में ग्रैंड महोत्सव के आयोजन की तैयारी की गई है। मुलायम के निधन के बाद मैनपुरी में हो रहे लोकसभा उप चुनाव से पहले कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की जयंती आज मनाई जा रही है। 22 नवंबर 1939 को सैफई में उनका जन्म हुआ था। इसी साल उनका निधन इसी साल 10 अक्टूबर को लंबी बीमारी के बाद हुआ। निधन के बाद पहली बार सैफई में मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाई जा रही है। समाजवादी पार्टी की ओर से धरतीपुत्र जयंती के रूप में बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सैफई के साथ-साथ पूरे प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की मनाने की घोषणा की गई है। सैफई में ग्रैंड महोत्सव का आयोजन हो रहा है। मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव के बीच एक बार फिर सैफई में पूरा मुलायम कुनबा कार्यक्रम में दिखने वाला है। कार्यक्रम के मंच पर अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और प्रो. रामगोपाल यादव की मौजूदगी रहेगी। भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है। यहां मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन सैफई महोत्सव ग्राउंड के मुख्य पंडाल में हो रहा है।
समाजवादी पार्टी की ओर से सैफई में धरतीपुत्र दिवस के रूप में कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियां की गई हैं। सैफई मेला ग्राउंड में बड़ा मंच तैयार किया गया है। कुर्सियां लगाई गई है। पंडाल बनाए गए हैं। कार्यक्रम को लेकर मंच पर बड़ा बैनर लगाया गया है, जिसमें मुलायम सिंह यादव की बड़ी सी तस्वीर लगी है। नेताजी अमर रहे का नारा लिखा हुआ है। साथ ही कार्यक्रम को धरतीपुत्र दिवस के रूप में भी प्रदर्शित किया गया है। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। बड़े स्तर पर कार्यक्रम में देशभर के लोगों के आगमन की सूचना मिल रही है।
शिवपाल पहुंचे समाधि स्थल, किया हवन
सैफई में कार्यक्रम के बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नेताजी के समाधि स्थल पर सुबह से शांति हवन यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में शिवपाल सिंह यादव पहुंचे। उन्होंने शांति हवन यज्ञ में आहुति दी। मंत्र पढ़े। नेताजी को याद किया। मुलायम सिंह यादव के आदर्शों पर चलने की बात कही। कार्यक्रम में अखिलेश यादव के भी शामिल होने की बात कही जा रही है।
पूरे प्रदेश में कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी
प्रदेश में कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियां की गई हैं। जिला स्तर पर मुख्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें नेताजी को याद किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कोशिशों में जुटी हुई है। नेताजी के निधन के बाद मैनपुरी में होने वाले उप चुनाव को देखते हुए कार्यक्रम को लेकर विशेष रूप से योजना तैयार की गई है।