Mainpuri Bypolls 2022: अमिताभ ठाकुर ने उपचुनाव में ठोंकी ताल, सैफई की रौली यादव को बनाया प्रत्याशी
मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में अमिताभ ठाकुर ने सैफई निवासी रौली यादव को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने शनिवार को उनके नाम की घोषणा की।
मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में पूर्व आईपीएस एवं अधिकार सेना के संयोजक अमिताभ ठाकुर ने भी ताल ठोंक दी है। उनकी पार्टी उपचुनाव लड़ेगी। अधिकार सेना ने शनिवार को प्रत्याशी के नाम का एलान कर दिया। अमिताभ ठाकुर ने सैफई निवासी रौली यादव को प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि सांसद मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है।
अधिकार सेना के संयोजक अमिताभ ठाकुर शनिवार को मैनपुरी पहुंचे। यहां पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा पर सरकारी व्यवस्था का दुरुपयोग करने का आरोप लगया। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी भाजपा जो खुद को डबल इंजन की पार्टी कहती है। मेरी निगाह में वह ट्रिपल इंजन की पार्टी है। भाजपा हर व्यवस्था का अपने फायदे के लिए अनुचित प्रयोग करने में माहिर है। उन्होंने उपुचनाव में भी गड़बड़ी की आशंका जताई है।
सपा से डिंपल यादव हैं प्रत्याशी
मैनपुरी सीट पर पांच दिसंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए सपा ने डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने अभी अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर (ओपी राजभर) ने रमाकांत कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। रमाकांत कश्यप इटावा के रहने वाले हैं। अभी किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।