बाराबंकी पहुंचे नगर विकास मंत्री एके शर्मा, साफ-सफाई की जानी जमीनी हकीकत, सफाई कर्मचारियों को हाथ जोड़कर किया प्रणाम
इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों के सामने हाथ जोड़कर उन्हें प्रणाम किया। कहा कि यह समझ लीजिए आप छोटे सफाई कर्मचारी और हम बड़े सफाई कर्मचारी हैं। हम सब को मिलकर जनता की सेवा करनी है।
नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने गुरुवार को बाराबंकी शहर का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने स्थानीय निवासियों से डेंगू, संचारी रोग बुखार और मच्छर जनित बीमारियों से पीड़ित रोगियों के बारे में पूछा। उन्हें साफ-सफाई के लिए जागरूक किया। उन्होंने एक घर के सामने रखे कूलर को खुलवा कर चेक कराया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों के सामने हाथ जोड़कर उन्हें प्रणाम किया। कहा कि यह समझ लीजिए आप छोटे सफाई कर्मचारी और हम बड़े सफाई कर्मचारी हैं। हम सब को मिलकर जनता की सेवा करनी है।
मंत्री एके शर्मा ने सत्यप्रेमी नगर में साफ-सफाई का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर सेवा पखवाड़ा अभियान को अपने-अपने क्षेत्रों में युद्धस्तर पर चलाएं, जिससे लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान ही उन्होंने एक घर के सामने रखे कूलर को खुलवा कर चेक कराया, जिसमें पानी नहीं मिला। इस पर उन्होंने लोगों की तारीफ भी की। कहा कि हमें ऐसे ही जागरूक होना पड़ेगा। हालांकि निरीक्षण के दौरान मंत्री को एक-दो जगह गंदगी भी मिली। जिसकी तत्काल सफाई कराने के उन्होंने निर्देश दिए।
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि 1 नवम्बर से 15 नवम्बर तक नगर सेवा पखवाड़ा अभियान पूरे प्रदेश के शहरी इलाकों में संचालित किया जा रहा हैं। इस दौरान डेंगू और संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। गुरुवार को वह खुद जमीनी हकीकत जानने बाराबंकी आए हैं। यहां आकर उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमारे पास जनता की सेवा का यह सुनहरा मौका है। हमें इसे हर हाल में करना ही है।