संतकबीरनगर: बारिश के चलते भरभरा कर गिरी घर की दीवार, मलबे के नीचे दबकर महिला की मौत
घटना संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर में हुई। घटना उस वक्त हुई जब महिला बर्तन धुल रही थी। अचानक दीवार गिरने से महिला ने उसमें दबकर मौके पर ही दम तोड़ दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर में मंगलवार को सुबह हो रही बारिश के कारण एक व्यक्ति के घर की दीवार भरभरा कर गिर गई। घर में बर्तन धुल रही महिला की दबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
यह है मामला
काली जगदीशपुर निवासी मंजू देवी पत्नी हरिप्रसाद उम्र 44 वर्ष मंगलवार को सुबह बर्तन धुल रही थी। मौसम खराब होने के साथ ही सुबह से रुक- रुक कर हो रही बारिश के चलते दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। दीवार के मलबे के नीचे दबकर मंजू की मौके पर ही मौत हो गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो देखा कि महिला मलबे के नीचे दबी है। अभी लोग कुछ समझ पाते कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दी। आनन-फानन लोग किसी तरह मलबे से महिला को बाहर निकालने में जुट गए।
कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से निकाला महिला का शव
आस-पड़ोस के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतका के शव को मलबे से बाहर निकाला। खून से सना महिला का शव देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। शव बाहर निकालने के साथ ही ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, महिला की मौत के बाद से घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
क्या कहती है पुलिस
थानाध्यक्ष रविंद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई थी। घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।