देहरादून: अमित शाह ने किया घसियारी कल्याण योजना का शुभारंभ, कांग्रेस पर तंज कसते हुए बोले- चुनाव आते ही कांग्रेसी नए कपड़े सिलवा लेते हैं
अमित शाह ने देहरादून में उत्तराखंड सरकार की घसियारी कल्याण योजना का शुभारंभ किया। इससे पहले शाह ने राज्य की 670 बहुद्देश्यीय सहकारी समितियों के कंप्यूटराइजेशन का उद्घाटन किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देहरादून में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि कांग्रेस वादाखिलाफी करने वाली पार्टी है। चुनाव आते ही कांग्रेसी नए कपड़े सिलवा लेते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार, घपले, घोटाले का पर्याय बनी हुई है। कांग्रेस किसी भी राज्य में कल्याण का कार्य नहीं कर सकती, ना वो गरीबों का सोच सकती है और न अच्छे प्रशासन का सोच सकती है। गरीब कल्याण और अच्छा प्रशासन मोदी जी के नेतृत्व में केवल और केवल भाजपा सरकार दे सकती है।
गृह मंत्री ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस पार्टी देवभूमि का विकास नहीं कर सकती है। उत्तराखंड में विकास की बयार तभी आई, जब जनता ने पूर्ण बहुमत की भाजपा की सरकार बनाई। कोरोना से बचाव के लिए टीके की पहली डोज का शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा करने वाले राज्यों में से एक उत्तराखंड है। शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार शुक्रवार को नमाज पढ़ने के लिए छुट्टी देती है। नेशनल हाईवे जाम करके नमाज पढ़ी जाती है।
बता दें कि केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को उत्तराखंड में पार्टी के चुनाव अभियान का आगाज करने पहुंच गए हैं। यहां शाह ने राज्य सरकार की घसियारी कल्याण योजना का भी शुभारंभ किया है। अमित शाह शनिवार सुबह 11:25 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।