पूर्वी कांगो में विद्रोहियों ने 42 लोगों को उतारा मौत के घाट, कई घरों में लगाई आग
कांगों के पूर्वी हिस्से में विद्रोहियों ने 42 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह हमला कोडेको लड़ाकों ने किया है। इन्होंने इससे पहले फरवरी में भी 32 नागरिकों को मार डाला था।
पूर्वी कांगो के इटुरी प्रांत में एक विद्रोही गुट ने शुक्रवार को 42 लोगों की हत्या कर दी। एक सिविल सोसाइटी आर्गेनाइजेशन ने यह जानकारी दी।
विद्रोहियों ने कई घरों में लगाई आग
बनयारी किलो में आर्गेनाइजेशन के प्रमुख डुडोने लोसा ने कहा कि कोडेको मिलिशिया समूह द्वारा दजुगु क्षेत्र के तीन शहरों पर हमला किया गया। इस दौरान उन्होंने कई घरों को जला दिया। सात लोग घायल भी हैं, जिन्हें अभी तक सहायता नहीं मिली है।" बनयारी किलो वह क्षेत्र है, जहां हमला किया गया। सेना ने शुक्रवार को स्थानीय मीडिया से हमले की पुष्टि की और कहा कि वह अपराधियों की तलाश कर रही है।
फरवरी में कोडेको ने 32 लोगों को मार डाला
बता दें, CODECO (विभिन्न जातीय लेंडू मिलिशिया समूहों का एक संघ) और जैरे (मुख्य रूप से जातीय हेमा आत्मरक्षा समूह) के बीच लड़ाई 2017 से चल रही है, लेकिन हाल ही में हालात और बिगड़ गए। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि कोडेको लड़ाकों ने फरवरी में 32 नागरिकों को मार डाला था।
अपने क्षेत्रों का विस्तार कर रहा विद्रोही समूह
पिछले साल दिसंबर में संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा था कि विद्रोही समूह अपने नियंत्रण के क्षेत्रों का विस्तार कर रहा है। नागरिकों और कांगो की सेना के सदस्यों पर हमला कर रहा है और अपने कब्जे वाले क्षेत्रों में समुदायों पर कर लगा रहा है।
पूर्वी कांगों में दशकों से चल रहा संघर्ष
हत्याएं पूर्वी कांगो में बढ़ती हिंसा के बीच हुई हैं, जहां दशकों से संघर्ष चल रहा है। इस क्षेत्र में 120 से अधिक सशस्त्र समूह हैं, जिनमें से अधिकांश मूल्यवान खनिजों के साथ भूमि और खानों के नियंत्रण के लिए लड़ रहे हैं, और कुछ अपने समुदायों की रक्षा करने की कोशिश कर रहे हैं।