पूरे यूक्रेन पर एक साथ हमले की तैयारी में रूस, 18 शहरों पर बम बरसाएगी पुतिन की सेना
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार कार्यालय के अनुसार, 24 फरवरी से अबतक यूक्रेन के 2,246 नागरिक हताहत हुए हैं, जिनमें से 847 मारे गए हैं और 1,399 घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी का मानना है कि वास्तविक आंकड़े काफी अधिक हैं।
रूस और यूक्रेन के बीच जंग का आज 25वां दिन है। अभी तक दोनों देशों के बीच कोई समझौता नहीं हो पाया है। इस बीच सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, 24 फरवरी को रूस द्वारा चौतरफा युद्ध शुरू करने के बाद से यूक्रेन में 64 बच्चों सहित कम से कम 847 नागरिक मारे गए हैं। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार कार्यालय के अनुसार, 24 फरवरी से अबतक यूक्रेन के 2,246 नागरिक हताहत हुए हैं, जिनमें से 847 मारे गए हैं और 1,399 घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी का मानना है कि वास्तविक आंकड़े काफी अधिक हैं।
कम हुई रूसी विमानों की हलचल- यूक्रेन
रूस-यूक्रेन जंग के 25वें दिन यूक्रेन की वायु सेना की ओर से दावा किया गया है कि, उनके वायुक्षेत्र में रूसी विमानों की हलचल कम हो गई है। यह सब तब हुआ जब आज वायु सेना ने रूस के तीन हेलीकॉप्टरों को मार गिराया।
यूक्रेन के डेढ़ दर्जन शहरों पर एयरस्ट्राइक का अलर्ट
रूस आज यूक्रेन के 18 से ज्यादा शहरों पर एयरस्ट्राइक कर सकता है। इसके बाद से लगातार इन शहरों में सायरन बज रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सूमी, टरनोपिल, पोल्टावा, खारकीव, जपोरिजिया, कीव, लवील जैसे शहरों पर हमला हो सकता है।
फिलहाल ओडेसा पर हमला नहीं करेगा रूस- अमेरिका
अमेरिका के रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने कहा है कि, रूस फिलहाल यूक्रेन के ओडेसा शहर पर हमला करने की योजना नहीं बना रहा है। उन्होंने बताया कि, इस बात के भी संकेत नहीं मिले हैं रूसी सेना में विदेशी लड़ाके शामिल हो रहे हैं।
यूक्रेन की मदद के लिए अब तुर्की को मना रहा अमेरिका
यूक्रेन की मदद के लिए अब अमेरिका तुर्की को मना रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका ने तुर्की से रूसी मिसाइल सिस्टम एस-400 को यूक्रेन को देने की सलाह दी है, जिससे यूक्रेन रूस का मुकाबला कर सके। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिका उन देशों से भी बात कर रहा है, जो रूस निर्मित एस-300 या एस-400 मिसाइल प्रणाली का उपयोग कर रहे हैं।
पूरे यूक्रेन पर एक साथ हमले की तैयारी में रूस, 18 शहरों पर बम बरसाएगी पुतिन की सेना
रूस-यूक्रेन जंग के बीच मारियूपोल काउंसिल ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इसके मुताबिक, रूसी सैनिक मारियूपोल के लोगों को जबरन रूस ले जा रहे हैं। इन्हें वहां के सुदूर शहरों में बने शिविरों में रखा जा रहा है। जहां उनके दस्तावेजों के साथ अन्य तरह की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि रूस ने मारियूपोल को भी अपना निशाना बनाया हुआ है।