लखनऊ: योगी सरकार का शिक्षा भर्ती पर बड़ा फैसला, चुनाव से पहले दिया बड़ा तोहफा
राज्य मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को नई भर्ती की घोषणा करते हुए कहा कि भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा। बेसिक शिक्षा परिषद में 17 हजार सहायक अध्यापकों की नई भर्ती की जाएगी।
लखनऊ: बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को नई भर्ती की घोषणा करते हुए कहा कि भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग में रिक्त पदों पर सहायक अध्यापक भर्ती की मांग कर रहे अभ्यर्थियों को सरकार ने चुनाव से पहले बड़ा तोहफा दिया है। बेसिक शिक्षा परिषद में 17 हजार सहायक अध्यापकों की नई भर्ती की जाएगी।
जुलाई 2017 में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर 1,37,000 शिक्षा मित्रों का सहायक अध्यापक पद से समायोजन निरस्त किया गया था। सहायक अध्यापकों के 1.37 लाख पदों पर नए सिरे से शिक्षकों की भर्ती का सर्वोच्च न्यायालय ने आदेश दिया था। बेसिक शिक्षा विभाग ने 2017-18 में 68,500 सहायक अध्यापकों की भर्ती निकाली थी। इसमें दो चरणों में करीब 48 हजार से अधिक अभ्यर्थी चयनित हुए थे।
2019-20 में 69 हजार सहायक अध्यापकों की भर्ती निकाली गई थी, इसमें भी दो चरणों में लगभग सभी पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो चुकी है। इस तरह विभाग ने अब तक करीब 1,20,000 सहायक अध्यापकों का चयन कर लिया है। डॉ. सतीश द्विवेदी ने बताया कि सरकार ने शेष 17 हजार पदों पर भर्ती का निर्णय किया है। लिखित परीक्षा के जरिये होने वाली भर्ती का विज्ञापन भी जल्द जारी हो जाएगा।
शुक्रवार को राज्यमंत्री डॉ. द्विवेदी नें ट्वीट कर जानकारी दिया की, "69000 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण की प्रक्रिया में विसंगति से प्रभावित आरक्षित वर्ग के लगभग 6000 अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी तथा इसके अतिरिक्त 17000 रिक्त पदों पर होगी नयी भर्ती ।"
इससे पहले राज्यमंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने एक लेटर जारी किया था। जिसमें कहा गया था कि, 69000 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण की विसंगति को दूर करने के लिए आरक्षित वर्ग के प्रभावित अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी, जिसकी प्रक्रिया आज से ही प्रारंभ कर दी गई है।
राज्यमंत्री डॉ. द्विवेदी की ओर से जारी लेटर में बताया गया है कि, शुक्रवार को राज्य सूचना विज्ञान केन्द्र को प्रॉसेस फ्लो उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की चयन सूची 28 दिसंबर तक तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सूचना विज्ञान केन्द्र की ओर से प्राप्त कराई गई चयन सूची का परीक्षण 29 दिसंबर तक किया जाएगा। राज्य सूचना विज्ञान केन्द्र की वेबसाइट पर सूची का प्रकाशन भी 30 दिसंबर को कर दिया जाएगा। सूची प्रकाशित होने के बाद जिले स्तर पर नए साल पर छह जनवरी को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।