>लखनऊ। यदि आप अपना आधार कार्ड अपडेट कराने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड अपडेट की दरों में बदलाव किया है, जो 1 अक्टूबर से लागू हो जाएगा। अब आधार कार्ड में नाम, पता, उम्र, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर या फोटो जैसी जानकारियों को अपडेट कराना महंगा पड़ जाएगा।
>फिलहाल डेमोग्राफिक अपडेट (नाम, पता, उम्र, जेंडर, मोबाइल नम्बर, ईमेल आईडी आदि) कराने के लिए 50 रुपये शुल्क देना पड़ता है, लेकिन 1 अक्टूबर से इसके लिए 75 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, बॉयोमेट्रिक अपडेट (फोटो, फिंगरप्रिंट, आइरिस) की दर 100 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये कर दी गई है। हालांकि नया आधार कार्ड बनवाना पहले की तरह निःशुल्क रहेगा।
>बच्चों के लिए खुशखबरी
नए नियमों के तहत अब 5 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का अनिवार्य बॉयोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह निःशुल्क होगा। पहले केवल 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष आयु के बच्चों को यह सुविधा दी जाती थी। अब 7 से 14 वर्ष तक के बच्चों को भी इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
>कैसे कराएं आधार अपडेट?
यदि आपके आधार कार्ड में नाम, जन्म तिथि, पता, मोबाइल नंबर या ईमेल एड्रेस गलत दर्ज हो गया है, तो नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर आप इसे अपडेट करा सकते हैं। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद कुछ ही दिनों में अपडेटेड आधार कार्ड आपके पते पर भेज दिया जाएगा। साथ ही, आप UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट से भी आधार कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें