Shri Prakash Mani Tripathi: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद और भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार को निधन हो गया। श्री त्रिपाठी ने नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में रविवार सुबह अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से देवरिया समेत पूरे पूर्वांचल में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है।

लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी देवरिया सदर लोकसभा सीट से साल 1996 और 1999 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गये थे। सेना में सेवाएं देने के बाद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने राजनीति के जरिए जनसेवा में अहम योगदान दिया। वह अपनी सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद किये जाएंगे।

पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन की जानकारी उनके बेटे और देवरिया सदर सीट से सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। शशांक मणि त्रिपाठी ने पिता को जीवन का मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत बताया और लिखा कि उनका जाना केवल पिता को खोना नहीं, बल्कि जीवन के मजबूत संबल का बिछड़ना है। अपने पोस्ट में उन्होंने आगे कहा कि पिता का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पित रहा। देवरिया की जनता के साथ उनका आत्मीय रिश्ता हमेशा याद किया जाएगा।
शशांक मणि त्रिपाठी ने ईश्वर से पिता की आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। शशांक मणि त्रिपाठी ने यह भी बताया कि उनके पिता का पार्थिव शरीर देवरिया लाया जाएगा। अंतिम संस्कार के संबंध में बाद में जानकारी साझा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी साल जून माह में देवरिया दौरे के दौरान अचानक श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के आवास पहुंचे थे और शिष्टाचार भेंट की थी। जिसकी तस्वीरें भी काफी चर्चा में रही थीं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें