गौतमबुद्धनगर के दादरी में आयोजित रैली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए बड़ा चुनावी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर ‘स्त्री समृद्ध सम्मान योजना’ के तहत महिलाओं को 40 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव और उपचुनाव में बेईमानी का सहारा लेती है और फर्जी एनकाउंटर कराए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी भी दबाव में रहते हैं।
सपा प्रमुख ने हाल ही में हुए SIR को लेकर भी टिप्पणी की और इसे NRC से जोड़ते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचारियों को अपने साथ जोड़ने का काम कर रही है।
केंद्र और राज्य सरकार के वादों पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 15 लाख रुपये, रोजगार और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे दावे पूरे नहीं हुए। उन्होंने पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार में आने पर इनकी जांच कराई जाएगी।
अग्निवीर योजना पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस व्यवस्था को स्वीकार नहीं करेगी और सरकार बनने पर इसे समाप्त किया जाएगा।
नोएडा और आसपास के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान कई परियोजनाएं शुरू की गई थीं। साथ ही यह भी कहा कि उनकी सरकार बनने पर झूठे मुकदमों की समीक्षा की जाएगी।
माफिया और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाए और कहा कि सरकार अपने पक्ष के लोगों को संरक्षण देती है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें