UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग और भारतीय जनता पर पर गंभीर आरोप लगाए। श्री यादव ने दावा किया कि पहले एसआईआर के जरिए मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। इसके बाद दोबारा नाम जोड़ने की प्रक्रिया के तहत धांधली की साजिश हो रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि एक ही मतदाता का नाम कई जगहों पर दर्ज होने से फर्जी मतदान की संभावना बढ़ रही है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता कर रहे थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान श्री यादव ने एक युवक को बुलाकर यह दावा किया कि उसका नाम कई स्थानों पर मतदाता सूची में दर्ज है। इसके बाद उन्होंने कहा कि युवक का नाम भले ही कई जगहों पर दर्ज है लेकिन वह मतदान तो एक ही जगह पर करेगा, लेकिन अन्य स्थानों पर दर्ज उसके नाम का उपयोग करके कोई दूसरा व्यक्ति बीजेपी के पक्ष में वोटिंग कर सकता है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के विरोध में कतई नहीं है, बल्कि इसके जरिए चुनाव में गड़बड़ी होने की आशंका का विरोध किया जा रहा है। श्री यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग इस मुद्दे को लेकर बेहद घबराए हुए हैं, क्योंकि इस मामले के सामने आने के पर उनका जनसमर्थन कम हो रहा है। उन्होंने बीजेपी पर करारा वार करते हुए अब जनता सब कुछ समझ चुकी है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद राजपाल सैनी सहित कई दलों के कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने इसे संगठन के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण बताया। श्री यादव ने कहा कि पीडीए परिवार को आपसी प्रेम और दया बढ़ाकर ही मजबूत किया जा सकता है। कश्यप, दलित और अन्य वर्ग के लोगों के सपा में शामिल होने से पार्टी को मजूबती मिलेगी और जनाधार बढ़ेगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें