UP Panchayat Chunav: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने उच्च न्यायालय के तीन माह के भीतर पंचायत चुनाव कराने के निर्णय का स्वागत किया है। श्री राजभर ने कहा कि राज्य सरकार चुनाव कराने के लिए तैयार है। अब केवल पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट के आने का इंतजार है।
पंचायती राज मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची भी तैयार है। आयोग की रिपोर्ट आते ही राज्य में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। श्री राजभर ने यूपी बोर्ड परीक्षाओं और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कहा कि पंचायत चुनाव कराने में किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी। साथ ही यह भरोसा भी जताया कि सभी प्रक्रियाएं निर्धारित होने वाले समय पर पूरी की जा सकती हैं।
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाने को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव पर करारा निशाना साधा। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष नहीं हुए थे, तो साल 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के 37 सांसद कैसे चुन लिये गये? श्री राजभर ने आगे कहा कि साल 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों और साल 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा की मिली हार के बाद चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े किये उठाए गए थे। लेकिन साल 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा को मिली बढ़त पर कोई सवाल नहीं उठाए गए।
उन्होंने यह भी सवाल किया कि लोकसभा चुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के परिवार के ही पांच सदस्य संसद पहुंच गये। तब चुनाव प्रक्रिया पर सवाल क्यों नहीं किये गये। पंचायती राज मंत्री ने सपा अध्यक्ष पर अफवाह फैलाने और आगामी चुनाव में हार की आशंका के चलते बहाने तलाशने का भी आरोप लगाया। श्री राजभर ने दावा करते हुए कहा कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को करारा झटका लगेगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में साइकिल का टायर पंचर नहीं होगा, बल्कि फट ही जाएगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें