Ambedkar Nagar News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी बूथों पर आयोजित विशेष मतदाता पंजीकरण शिविरों के तहत जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने तहसील अकबरपुर के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में चल रही प्रक्रिया और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह के साथ विभिन्न बूथों पर पहुंचकर मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। डीएम ईशा प्रिया ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे विशेष मतदाता पंजीकरण शिविरों का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से नागरिक निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी निभा सकते हैं। प्रशासन की ओर से विशेष मतदाता पंजीकरण शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने और निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें