>वाराणसी, 22 जून – आध्यात्म और संस्कृति की नगरी काशी अब एक ऐतिहासिक राजनीतिक और प्रशासनिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 23 जून को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वह मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।
>इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय एयरपोर्ट पर गृह मंत्री का औपचारिक स्वागत करेंगे। यह कार्यक्रम 23 जून की शाम को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होगा।
>गृह मंत्री वाराणसी पहुंचने के बाद काशी कोतवाल बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित विशेष रात्रिभोज में सभी मुख्यमंत्री व अतिथि शामिल होंगे।
24 जून को होटल ताज में होगी परिषद की बैठक
>मंगलवार, 24 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होटल ताज में प्रस्तावित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक में सुरक्षा, विकास, अंतरराज्यीय समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में चारों राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग और अंतरराज्यीय परिषद सचिवालय के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
>इस ऐतिहासिक बैठक की मेजबानी पहली बार काशी कर रही है, जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी ज़िला प्रशासन ने विशेष रणनीति बनाई है। जगह-जगह सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और ट्रैफिक प्लानिंग की जा रही है।
11 स्थानों पर होगा भव्य स्वागत
>गृह मंत्री के आगमन पर भारतीय जनता पार्टी भी काशी की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप स्वागत की तैयारी कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और फूलों की वर्षा के साथ 11 प्रमुख स्थानों पर अमित शाह का स्वागत करेंगे।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें