>बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र के एक गांव से बंकी कस्बे आई एक बारात में विदाई से पहले दुल्हन के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात सम्पन्न हुई शादी के बाद बुधवार सुबह उस समय प्रकाश में आई जब विदाई की तैयारी चल रही थी और परिवार को दुल्हन के घर पर न होने की सूचना मिली।
>जानकारी के अनुसार, दूल्हा सुनील कुमार मंगलवार को बारात लेकर बंकी पहुंचा था। लड़की पक्ष ने बारातियों का स्वागत किया और देर रात दूल्हा–दुल्हन का जयमाल व अन्य विवाह रस्में पूरी कराई गईं। बुधवार सुबह विदाई की तैयारी के दौरान परिवार को पता चला कि दुल्हन पल्लवी घर से गायब है। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
>मामले में यह भी सामने आया कि दूल्हे सुनील ने शादी के खर्च पूरे करने के लिए अपनी तीन बीघा जमीन 1 लाख 60 हजार रुपये में गिरवी रखी थी, जिससे दुल्हन के आभूषण और अन्य व्यवस्था की गई थी। बारात में 11 गाड़ियां किराए पर ली गई थीं और लगभग 90 बाराती शामिल थे।
>दुल्हन के न मिलने पर परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की। कई घंटों की तलाश के बावजूद बुधवार दोपहर तक भी दुल्हन का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद दूल्हा सुनील और उसके पिता ने बंकी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुल्हन की तलाश और कारणों की जांच शुरू कर दी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें