>बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार का मछुआ समाज अब पूरी तरह जागरूक और संगठित है। यह समाज अब अपने हित-अहित और अनुसूचित जाति आरक्षण के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए ही मतदान करेगा।
>डॉ. निषाद ने कहा कि मछुआ समाज के आरक्षण से जुड़ा मुद्दा केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही सुलझा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाज अब किसी के बहकावे या झूठे वादों में नहीं आएगा।
“मछुआ समाज अब भटकने वाला नहीं है। उसे पता है कि उसके अधिकार की लड़ाई सच्चे नेतृत्व के साथ ही जीती जा सकती है।” - डॉ. संजय कुमार निषाद
>निषाद पार्टी प्रमुख ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास और स्थिरता की दिशा में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा किया है और इस बार भी एनडीए के पक्ष में जनसमर्थन रहेगा, उन्होंने कहा, “बिहार में जनता को विकास चाहिए, जाति नहीं। सुशासन और स्थिरता का जो माहौल नीतीश कुमार ने बनाया है, उस पर जनता फिर से मुहर लगाएगी।”
>डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।
उन्होंने कहा कि मछुआ समाज और अन्य वंचित वर्गों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो कार्य किए हैं, वे अभूतपूर्व और ऐतिहासिक हैं।
>डॉ. निषाद ने सभी जाति और धर्म के लोगों से अपील की कि वे विकास, सुशासन और प्रगति के नाम पर मतदान करें। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब समाज को राजनीतिक स्थिरता और विकास की दिशा में एकजुट होकर निर्णय लेना होगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें