सीबीएसई ने वर्ष 2026 की 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार कुल 93.70 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं, जो पिछले वर्ष 2025 के 93.66 प्रतिशत की तुलना में मामूली वृद्धि दर्शाता है।
बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, इस साल 24.71 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 23.16 लाख छात्र पास हुए। वहीं करीब 1.55 लाख छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो सके। इस बार रिजल्ट बिना किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के सीधे वेबसाइट पर जारी किया गया।
इस वर्ष भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। छात्राओं का पास प्रतिशत 94.99 रहा, जबकि छात्रों का 92.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। ट्रांसजेंडर छात्रों का पास प्रतिशत 87.50 प्रतिशत रहा।
अंकों के लिहाज से भी इस बार बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कुल 2,21,574 छात्रों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए, जबकि 55,368 छात्रों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किए।
क्षेत्रवार प्रदर्शन में त्रिवेंद्रम और विजयवाड़ा सबसे आगे रहे, जहां 99.79 प्रतिशत पास प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके बाद चेन्नई का स्थान रहा। दिल्ली क्षेत्र का पास प्रतिशत 97 प्रतिशत से अधिक रहा, जबकि गुवाहाटी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम रहा।
संस्थानों की बात करें तो केंद्रीय विद्यालयों का परिणाम सबसे बेहतर रहा, जहां 99.57 प्रतिशत छात्र पास हुए। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालयों में भी 99 प्रतिशत से अधिक परिणाम दर्ज किया गया। प्राइवेट और सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत भी 90 प्रतिशत से ऊपर रहा।
अगर पिछले पांच वर्षों के परिणामों पर नजर डालें, तो CBSE 10वीं का पास प्रतिशत लगातार 93 से 94 प्रतिशत के बीच बना हुआ है। वर्ष 2025 में 93.66%, 2024 में 93.60%, 2023 में 93.12% और 2022 में 94.40% रिजल्ट दर्ज किया गया था। वर्ष 2021 में कोविड-19 के कारण वैकल्पिक मूल्यांकन प्रणाली लागू होने से पास प्रतिशत 99.04% तक पहुंच गया था।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें