मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के पहले दिन उत्तर प्रदेश को 6,650 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ तीन अलग-अलग क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पहला एमओयू यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट 100 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित ग्रुप हाउसिंग परियोजना के लिए है। इसमें 3,500 करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 12,000 रोजगार सृजन का अनुमान है। परियोजना को वर्ष 2027 में शुरू करने की योजना है।
दूसरा एमओयू कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ में लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने से संबंधित है। इस परियोजना में 650 करोड़ रुपये के निवेश और करीब 7,500 रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इसे भी 2027 में प्रारंभ करने का प्रस्ताव है।
तीसरा समझौता नोएडा/ग्रेटर नोएडा में 10 एकड़ क्षेत्र में 40 मेगावाट क्षमता वाले हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क की स्थापना के लिए किया गया। इसमें 2,500 करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 1,500 रोजगार सृजन का अनुमान है। परियोजना को वर्ष 2028 में शुरू करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को राज्य की नीतिगत स्थिरता और औद्योगिक ढांचे की जानकारी देते हुए हर स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया। तीनों एमओयू के क्रियान्वयन की समय-सीमा क्रमशः 2027 और 2028 निर्धारित की गई है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें