दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में हुई चूक के मामले में जांच तेज हो गई है। गेट नंबर-2 को तोड़कर परिसर में घुसी एक संदिग्ध कार को लेकर कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, यह वाहन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में रजिस्टर्ड है और हाल के दिनों में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में भी देखा गया था।
सोमवार, 6 अप्रैल को हुई इस घटना के दौरान विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता परिसर में पहुंचे ही थे, तभी एक अज्ञात कार गेट नंबर-2 को पार कर अंदर दाखिल हुई। चालक ने वाहन को स्पीकर की गाड़ी के पास रोका, बाहर निकलकर उसमें एक गुलदस्ता रखा और तुरंत मौके से फरार हो गया।
चश्मदीदों और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कार करीब पांच मिनट तक विधानसभा परिसर के अंदर मौजूद रही। शुरुआती जानकारी में स्याही फेंकने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि घटनास्थल से ऐसा कोई सबूत नहीं मिला। गुलदस्ते की जांच भी की गई, जिसमें कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं पाई गई।
घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त अनिल शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल टीम, क्राइम ब्रांच और इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया है कि इस्तेमाल की गई गाड़ी टाटा सिएरा मॉडल की है, जो उत्तर प्रदेश नंबर पर पंजीकृत है। यह वाहन पीलीभीत जिले के पूरनपुर तहसील क्षेत्र निवासी सरबजीत सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। वाहन का रजिस्ट्रेशन 26 फरवरी 2026 को जारी हुआ था।
पुलिस के अनुसार, गाड़ी के मालिक का नाम सरबजीत सिंह है, जो कुलवंत सिंह के पुत्र हैं और उनका पता पूरनपुर तहसील, पोस्ट कजरी, निरंजनपुर सिंहपुर, थाना चांदपुर, जिला पीलीभीत बताया गया है। जांच एजेंसियां वाहन मालिक और चालक के बीच संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध कार पिछले कुछ दिनों में पंजाब के विभिन्न इलाकों में घूमती रही थी। इसके अलावा, घटना के समय चालक ने अपना चेहरा ढक रखा था, जिससे उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
जांच एजेंसियां इस घटना को हाल ही में विधानसभा अध्यक्ष को मिले कथित धमकी भरे ईमेल्स से भी जोड़कर देख रही हैं। इन ईमेल्स में दिल्ली को खालिस्तान बनाने का जिक्र किया गया था। सुरक्षा एजेंसियां इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही हैं।
फिलहाल दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हैं और वाहन के इस्तेमाल, चालक की पहचान तथा संभावित कनेक्शन को लेकर जांच जारी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें