पश्चिमी दिल्ली के द्वारका जिले के बिंदापुर थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-3 जेजे कॉलोनी में शनिवार दोपहर मोटरसाइकिल पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। पड़ोसियों के बीच हुई कहासुनी के बाद हुई चाकूबाजी में आरती नामक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति विक्की गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में एक आरोपी पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
यह खबर भी पढ़े - सीट के लिए शुरू हुआ झगड़ा बना जानलेवा, योगा एक्सप्रेस में युवक की पीट-पीटकर हत्या
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:50 बजे बिंदापुर थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि दो से तीन लोगों ने उसकी बेटी और दामाद के पेट में चाकू मार दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों घायलों को उपचार के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया जा चुका था।
अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि सेक्टर-3 जेजे कॉलोनी निवासी आरती को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पति विक्की का इलाज शुरू किया गया। बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि विक्की और आरती का अपने पड़ोसी पप्पू और एक किशोर के साथ सड़क पर मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और चाकूबाजी हुई, जिसमें दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल और क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में 40 वर्षीय पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें