हनुमान जयंती पर दिल्ली में पुलिस का कड़ा सुरक्षा कवच

दिल्ली में हनुमान जयंती 2 अप्रैल को मनाई जाएगी। जहांगीरपुरी में शोभायात्रा के लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी।
Bureau 30 Mar 2026, 08:09 PM 1 min read
हनुमान जयंती पर दिल्ली में पुलिस का कड़ा सुरक्षा कवच

राजधानी दिल्ली में 2 अप्रैल को मनाई जाने वाली हनुमान जयंती के मद्देनजर उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की है। विशेष रूप से जहांगीरपुरी इलाके को संवेदनशील मानते हुए यहां बहु-स्तरीय सुरक्षा योजना लागू की गई है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हनुमान जयंती पर निकलने वाली शोभायात्रा को केवल निर्धारित और अनुमति प्राप्त रूट पर ही संचालित किया जाएगा। जुलूस की शुरुआत जहांगीरपुरी स्थित दिल्ली जल बोर्ड डीडीए फ्लैट्स के सामने से होगी और विभिन्न मार्गों से होते हुए आदर्श नगर के साईं मंदिर पर समाप्त होगी।

 

सुरक्षा के मद्देनजर जुलूस में अधिकतम 500 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार, आग्नेयास्त्र (नकली सहित), लाठी या अन्य खतरनाक वस्तुएं ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा भड़काऊ नारे, भाषण या किसी भी तरह की अशांति फैलाने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस ने यह भी निर्देश दिए हैं कि लाउडस्पीकर का उपयोग केवल निर्धारित समय और नियमों के अनुसार ही किया जा सकेगा। आयोजन समिति को जुलूस के संचालन में सहयोग के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग और पुलिस पिकेट्स लगाए जाएंगे। वहीं, संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त और एरिया डोमिनेशन की रणनीति अपनाई जाएगी।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें