राजधानी दिल्ली में तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार तड़के करीब 3:40 बजे रिंग रोड पर राजौरी गार्डन से मायापुरी जाने वाले मार्ग पर स्थित मार्बल मार्केट के पास हुई। घटना की जानकारी पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति सड़क के बीच गंभीर हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे तत्काल एंबुलेंस की सहायता से हरि नगर स्थित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने तक डीडीयू अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। पश्चिमी जिले के डीसीपी डी.एस. भास्कर ने बताया कि पीसीआर कॉल करने वाले गुलशन ने सड़क पर शव पड़े होने की सूचना दी थी। कॉलर ने यह भी बताया कि दुर्घटना में शामिल कार घटनास्थल से लगभग 250 मीटर आगे सड़क किनारे खड़ी है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके से गोल्डन ब्राउन रंग की होंडा सिटी कार बरामद की। वाहन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि हादसे के समय कार 19 वर्षीय दक्ष मौर्य चला रहा था, जो शालीमार बाग क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस ने इस मामले में राजौरी गार्डन थाने में एफआईआर संख्या 227/2026 दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत दर्ज किया गया है। जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना की परिस्थितियों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें