दिल्ली सरकार ने स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई नई योजनाओं और सुविधाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने और छात्रों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए व्यापक कदम उठाए जाएंगे।
सरकार के अनुसार, दिल्ली के सभी स्कूलों में शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर हाइजीन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल स्तर पर लड़के और लड़कियों दोनों के लिए मासिक धर्म जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि इस विषय से जुड़ी सामाजिक झिझक को कम किया जा सके।
छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों में मेडिकल रूम और विशेष “मेनस्ट्रुएशन कॉर्नर” स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर सैनिटरी नैपकिन, इनरवियर और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध रहेगी। साथ ही स्कूलों के वॉशरूम में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाने की प्रक्रिया को भी तेज किया जाएगा।
सरकार ने छात्राओं को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन का स्कूल-वार डेटा एकत्र करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा सरकारी स्कूलों के छात्रों की प्रतिभा और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से हौसलों की उड़ान कार्यक्रम में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए दिल्ली सरकार जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर जारी करेगी। इस नंबर के जरिए छात्र और अभिभावक अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। जानकारी के अनुसार, इस नंबर को स्कूलों की दीवारों और मुख्य प्रवेश द्वार पर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के तहत सभी विद्यालयों में नए आरओ वाटर कूलर लगाए जाएंगे, ताकि छात्रों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। वहीं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से अगस्त तक स्कूलों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा स्कूल भवनों की सफेदी, मरम्मत और अन्य आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का कार्य भी जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है। सरकार का कहना है कि इन पहलों के जरिए स्कूलों में छात्रों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल तैयार किया जाएगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें