राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के वेलकम इलाके में देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। श्याम लाल कॉलेज के पास अज्ञात हमलावरों ने 22 वर्षीय युवक अमानुल्लाह कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अपराध शाखा के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान अमानुल्लाह कुरैशी पुत्र मोहम्मद तस्लीम निवासी गुरुद्वारा मोहल्ला, मौजपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 19 और 20 मई की दरम्यानी रात थाना वेलकम क्षेत्र में गोलीबारी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल युवक को उसके परिजन गुरु तेग बहादुर अस्पताल लेकर जा चुके थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए। मामले में वेलकम थाने में प्राथमिकी संख्या 233/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और शस्त्र अधिनियम की धारा 27 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।
घटना को लेकर मृतक के पिता मोहम्मद तस्लीम ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस वारदात में सलमान, उसकी मां, उसका भाई अक्षय नावेद, सलमान जेडी का परिवार और उसका भाई काफिल शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका परिवार पहले से ही उनके परिवार के सदस्यों की हत्या की साजिश रच रहा था और लगातार जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। हालांकि उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
मृतक के पिता ने कहा कि उन्हें अचानक सूचना मिली कि उनके बेटे की मौत हो गई है। जब वे मौके पर पहुंचे और बेटे को देखा तो खुद को संभाल नहीं सके। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें दिल्ली पुलिस पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की तनावपूर्ण स्थिति न बने।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें