प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बचत, आत्मनिर्भरता और ईंधन खपत कम करने की अपील का असर अब कॉर्पोरेट जगत में भी दिखाई देने लगा है। देश के दिग्गज उद्योगपति और आरपीजी ग्रुप के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने अपने ग्रुप की कार्यशैली और यात्रा नीतियों में बड़े बदलाव का ऐलान किया है। हर्ष गोयनका ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि अब कंपनियों में दिखावे और फिजूलखर्ची की जगह जिम्मेदारी और बचत की संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत उन्होंने समूह की कंपनियों के लिए कई नई गाइडलाइंस जारी की हैं।
We in RPG have responded to our PM’s call with austerity and responsible resource allocations. I hope other corporates will follow suit. pic.twitter.com/Bhv0RVUFjq
— Harsh Goenka (@hvgoenka) May 14, 2026
नई नीति के तहत जिन कर्मचारियों का काम घर से संभव है, उन्हें वर्क फ्रॉम होम के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा विदेशी यात्राओं में भारी कटौती करने का फैसला लिया गया है। घरेलू उड़ानों का उपयोग भी केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही किया जाएगा। गोयनका ने यह भी निर्देश दिया है कि दूसरे शहरों में होने वाली इंटर-सिटी मीटिंग्स और कॉन्फ्रेंस को अधिक से अधिक वर्चुअल मोड में आयोजित किया जाए ताकि समय, लागत और ईंधन की बचत हो सके।
पर्यावरण संरक्षण और सतत परिवहन को लेकर भी ग्रुप ने सख्त रुख अपनाया है। नई गाइडलाइंस के मुताबिक अब समूह की ओर से खरीदी या लीज पर ली जाने वाली नई कारें केवल इलेक्ट्रिक व्हीकल या हाइब्रिड मॉडल होंगी। इसके साथ ही कर्मचारियों को कारपूलिंग अपनाने और बस-मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कंपनी का मानना है कि इससे न केवल ईंधन की खपत कम होगी, बल्कि ट्रैफिक और प्रदूषण की समस्या पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
हर्ष गोयनका ने कहा कि इंटरनल रिव्यू, इंटरव्यू और नियमित बैठकों के लिए तकनीक का बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए ताकि अनावश्यक यात्रा से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि ये कदम सिर्फ राष्ट्रीय एजेंडा का समर्थन करने के लिए नहीं, बल्कि संगठन के भीतर जिम्मेदार और व्यावहारिक कार्यसंस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से भी उठाए जा रहे हैं।
दरअसल पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से कई स्तरों पर बचत और आत्मनिर्भरता अपनाने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने, विदेश यात्राओं में कटौती करने, खाने के तेल की खपत कम करने और एक वर्ष तक सोना खरीदने से बचने का आग्रह किया था।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें