लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में नकली नोटों से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मटियारी स्थित बैंक ऑफ़ बरोदा शाखा में जाली नोट जमा कराने पहुंचे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के बैग से 2 लाख 35 हजार रुपये के कथित फर्जी नोट और कई डिपॉजिट पर्चियां बरामद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक में 33 हजार रुपये एक अन्य व्यक्ति के खाते में जमा कराने पहुंचा था। डिपॉजिट प्रक्रिया के दौरान बैंक के कैशियर ने नोटों की गड्डी में 14 नोट नकली पाए। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
बैंक की तहरीर पर चिनहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान सौरभ शुक्ला के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गोंडा का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसमें 2.35 लाख रुपये के जाली नोट बरामद हुए। इसके अलावा 27 डिपॉजिट पर्चियां भी मिलीं, जिससे पुलिस को संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी एक ऐसे गिरोह से जुड़ा है, जो अलग-अलग बैंक खातों में छोटे-छोटे अमाउंट में रकम ट्रांसफर करता था। पुलिस के मुताबिक यह गैंग असली नोटों के साथ जाली नोट मिलाकर बैंक खातों में जमा करता था और बाद में कमीशन के जरिए रकम निकलवाई जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग लंबे समय से अलग-अलग खातों का इस्तेमाल कर लेनदेन कर रहा था, ताकि बड़ी रकम की गतिविधियां संदेह के दायरे में न आएं। पुलिस अब उन खातों और लोगों की भी जांच कर रही है जिनके नाम पर रकम जमा कराई जा रही थी।

आरोपी सौरभ शुक्ला
चिनहट थाना एसएचओ के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 179 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जाली नोट गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें