>राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में प्रथम वार्ड के पार्षद अरुण कुमार राय द्वारा संचालित मंदिर चलो अभियान को जनसमर्थन के साथ संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त हो रहा है। इसी क्रम में बुधवार को संत सद्गुरु श्री रितेश्वर जी महाराज के आगमन से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया।
>संत सद्गुरु श्री रितेश्वर जी महाराज का आगमन पार्षद अरुण कुमार राय के निवास पर हुआ, जहां उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम के नारों के बीच पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ संत का स्वागत किया गया।
>इस अवसर पर पार्षद अरुण कुमार राय द्वारा मंदिर चलो अभियान के अंतर्गत तैयार धर्म ध्वजवाहक सनातन रथ का विधिवत उद्घाटन किया गया। संत रितेश्वर जी महाराज ने अभियान की सराहना करते हुए आयोजक को आशीर्वाद प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में संत के दर्शन किए और धार्मिक वातावरण में भागीदारी निभाई।
>कार्यक्रम में पूर्व पार्षद स्नेह लता राय, संत कुट्टी पलटू दास आश्रम की महंत खुशबू दिनेशानंद सहित अनेक संत, अनुयायी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने पूरे कार्यक्रम के दौरान निगरानी बनाए रखी। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें