राजधानी लखनऊ में मंगलवार को ग्राम प्रधान संगठन की ओर से एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अखिलेश सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान संगठन ने सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को पहली बार प्रशासक बनाए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के 57,694 ग्राम प्रधानों में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान लंबे समय से पंचायत स्तर पर अधिक अधिकार और जिम्मेदारियों की मांग कर रहे थे, जिसे सरकार ने स्वीकार किया है। प्रेस वार्ता में डॉ. अखिलेश सिंह ने कहा कि सरकार के इस फैसले से ग्राम प्रधानों की जिम्मेदारी और बढ़ेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान अब प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ गांवों में योजनाओं के क्रियान्वयन को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।
संगठन की ओर से सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि सेवाओं के विस्तार और प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के निर्णय के बदले आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन सरकार को रिटर्न गिफ्ट देने का कार्य करेगा। इसके साथ ही राज्य, मंडल, जनपद और ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम एवं समारोह आयोजित कर सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने की भी घोषणा की गई।
प्रेस वार्ता में संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी सरकार के फैसले को पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम बताया और कहा कि इससे ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन में तेजी आएगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें