राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में रविवार को गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आईआईएम रोड स्थित बिटोली तिराहा के पास अज्ञात हमलावर ने एक युवक को गोली मार दी। घटना चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान विजय यादव (२५ वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विजय यादव बिटोली तिराहा के पास यादव ढाबे का मालिक है करीब 4 बजे शाम को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर गोली चला दी। गोली चलाने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है हालाँकि स्थानीय दुकानदारों द्वारा किसी मामूली विवाद की बात सामने आ रही है गोली लगते ही युवक मौके पर गिर पड़ा और आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

मौके पर मौजूद डीसीपी उत्तरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी उत्तरी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें