>राजधानी के बीबीडी थाना क्षेत्र के मेहोरा गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दबंगों ने एक परिवार के घर पर जबरन कब्जा करने के इरादे से हमला कर दिया। सरोज रानी और उनके परिवार के मकान पर उस वक्त ईंट-पत्थरों से हमला किया गया जब छत की ढलाई का कार्य चल रहा था। इस हमले में घर की दीवारों को नुकसान पहुंचाया गया और गाड़ी के साथ-साथ सुरक्षा के लिए लगाए गए CCTV कैमरे भी तोड़ दिए गए।
>पीड़िता सरोज रानी ने बताया कि हमला पड़ोस में रहने वाले आलोक, विनोद कुमार, अम्बरकेश और विकास कुमार ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर किया। दबंगों ने मकान पर अवैध कब्जा करने की नीयत से परिवार को डराने के लिए पथराव और तोड़फोड़ की।
>घटना के समय का वीडियो पास के ही एक CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से उपद्रवियों ने सड़क पार से ईंट-पत्थर चलाए और गाड़ी व कैमरा तोड़ डाले।
>घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित पक्ष की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएचओ थाना बीबीडी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें